उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के रुद्रपुर आगमन से राजनीतिक हलचल तेज हो गई। गुरुवार को रामपुर रोड स्थित एक निजी होटल में आयोजित 'पंजाबी गौरव' कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। कार्यक्रम में नितिन नवीन को तलवार, खंडा और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस दौरान रुद्रपुर, काशीपुर, बाजपुर, जसपुर, खटीमा, सितारगंज और किच्छा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की तहसील बिलासपुर से भी सैकड़ों की तादाद में पंजाबी समाज से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

पंजाबी समाज के योगदान का उल्लेख
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में नितिन नबीन ने देश के प्रति पंजाबी समाज के योगदान और उनके बलिदानों को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति, व्यापार और सुरक्षा में पंजाबी समाज की हमेशा से अग्रिम भूमिका रही है। उन्होंने कहा भाजपा में पंजाबी समाज का हमेशा से विशेष स्थान रहा है और पार्टी इस समाज के मान-सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है।

कांग्रेस पर साधा तीखा निशाना
1984 के दंगों का जिक्र करते हुए नितिन नबीन ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय की सत्ता में बैठे लोगों ने दंगों के आरोपियों को संरक्षण देने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली वर्तमान भाजपा सरकार ने दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में काम किया है। इसके अलावा ब्रिक्स, जी-20 और एआई समिट जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत वैश्विक मंच पर मजबूत हो रहा है और कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति देश के विकास को नहीं रोक सकती।

यूथ कांग्रेस ने किया विरोध और पुतला दहन
भाजपा के इस कार्यक्रम के समांतर सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष तरुण नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने इंदिरा चौक (अब त्रिशूल चौक) पर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और नितिन नबीन का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में "नितिन नबीन वापस जाओ" के नारे लिखे बैनर लेकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि भाजपा अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है।

पूर्व विधायक को पुलिस ने लिया हिरासत में
विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद नजर आया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल गल्ला मंडी स्थित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ करने पहुंचे थे। मंदिर से बाहर आते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। ठुकराल ने कहा कि लखनऊ में भाजपा अध्यक्ष के सामने हनुमान स्वरूप कलाकार के नाचने का विरोध जताने और भाजपा नेताओं को सद्बुद्धि देने के लिए उन्होंने यह पाठ किया था। पुलिस ने पूर्व विधायक समेत करीब 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी को छोड़ दिया।
---समाप्त---