उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम बरी अंजनिया में किसानों को डराने और उनकी कीमती जमीन पर अवैध कब्जा करने की नीयत से जानलेवा फायरिंग करने वाले मुख्य मास्टरमाइंड को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी सतविन्दर सिंह उर्फ सोनू कनेटी है, जो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी का रहने वाला है। खटीमा पुलिस ने आरोपी को सितारगंज-सुजिया रोड पर घेराबंदी करके गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस चार आरोपियों को पहले ही जेल भेज चुकी है।

​बरी अंजनिया गांव में पहाड़ी मूल के किसान लंबे समय से खेती-बाड़ी करके अपनी आजीविका चला रहे हैं। लेकिन इस बेशकीमती जमीन पर भू-माफियाओं की बुरी नजर पड़ गई। जमीन हड़पने के मकसद से मुख्य साजिशकर्ता कुलवंत सिंह ने अपने सगे भांजे सोनू कनेटी के साथ मिलकर खौफनाक योजना तैयार की। शुरुआत में बदमाशों ने ग्रामीणों को डराने-धमकाने का प्रयास किया। जब किसान पीछे नहीं हटे, तो अगले दिन स्कार्पियो में सवार होकर आए बदमाशों ने ग्रामीण चंद्र बदन जोशी और अन्य लोगों पर तमंचे से खुलेआम गोलियां चला दीं। गनीमत यह रही कि गोली किसी को नहीं लगी और एक बड़ी अनहोनी टल गई।

​वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने क्षेत्र के करीब 120 से 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को सफलता मिली। उधर मामले के मुख्य साजिशकर्ता कुलवंत सिंह को अदालत से अरेस्ट स्टे मिला हुआ है, जिस पर नियमानुसार कानूनी नोटिस तामील करा दिया गया है।

​पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। आरोपियों को पनाह देने, आर्थिक मदद पहुंचाने या उन्हें छिपाने वाले मददगारों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस त्वरित और कड़ी कार्रवाई से स्थानीय किसानों ने राहत की सांस ली है, वहीं क्षेत्र के भू-माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस गिरफ्तार सोनू कनेटी को न्यायालय में पेश कर रही है और फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


Advertisement

---समाप्त---