उत्तर प्रदेश में अपराधियों के मन में पुलिस का इकबाल किस कदर हावी है, इसकी एक बानगी कानपुर के सीसामऊ थाने में देखने को मिली। जब खाकी का शिकंजा कसने लगा और एनकाउंटर की आहट सुनाई दी, तो महिला सिपाही का पर्स लूटने वाला शातिर अपराधी शयान रजा खुद चलकर थाने पहुंच गया। चेहरे पर हवाइयां उड़ रही थीं और शरीर डर से कांप रहा था। वह अपने परिजनों के साथ पुलिस के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया। यह वही अपराधी है जिसने चंद दिनों पहले एक महिला पुलिसकर्मी की गरिमा और सुरक्षा को चुनौती दी थी, लेकिन जब कानून का डंडा चला तो उसकी सारी हेकड़ी हवा हो गई।

शराब की लत और जुर्म की वो खौफनाक सुबह

पुलिस की तफ्तीश में जो खुलासा हुआ वह चौंकाने वाला है। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक, आरोपी शयान और उसके साथी मारूफ ने वारदात से पहली रात जमकर शराब पी थी। जब नशे की लत पूरी करने के लिए पैसे कम पड़ गए, तो उन्होंने अपराध का रास्ता चुना। 28 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे जब महिला थाना की कंप्यूटर ऑपरेटर पिंकी पाल ड्यूटी खत्म कर घर लौट रही थीं, तभी इन बदमाशों ने गांधी नगर के पास उनका पर्स लूट लिया था। पर्स में नकदी के साथ-साथ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। पुलिस ने सीसीटीवी के जरिए मारूफ को पहले ही दबोच लिया था, जिसके बाद से शयान अपनी जान बचाने के लिए दर-दर भटक रहा था।

सड़कों पर तमाशा और अपराधी की गिड़गिड़ाहट

सरेंडर के बाद पुलिस ने आरोपी को उसी इलाके में ले जाकर उसका जुलूस निकाला जहां उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने उसे करीब एक किलोमीटर तक कान पकड़वाकर पैदल चलाया ताकि समाज में अपराधियों के प्रति कड़ा संदेश जाए। इस दौरान दरोगा के तीखे सवालों के सामने लुटेरा गिड़गिड़ाता नजर आया। जब उससे पूछा गया कि क्या दोबारा ऐसी गलती करेगा, तो उसने सरेआम तौबा की और कहा कि वह अब कभी कानपुर में दिखाई भी नहीं देगा। आरोपी ने यहां तक कह दिया कि वह अब मुंबई भाग जाएगा लेकिन अपराध की दुनिया से दूरी बना लेगा।

वायरल वीडियो ने शहर में मचाया हड़कंप

सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो आग की तरह फैल रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक अपराधी जो चंद दिनों पहले तक बेखौफ घूम रहा था, अब पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद बच्चों की तरह कान पकड़कर अपनी गलती मान रहा है। स्थानीय लोग पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों में डर पैदा करने के लिए जरूरी कदम मान रहे हैं। कानपुर पुलिस की यह सख्त छवि उन तत्वों के लिए बड़ी चेतावनी है जो कानून को खिलौना समझते हैं। इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, वह कानून की लंबी बांहों से बच नहीं सकता।


Advertisement

---समाप्त---