पशुपालन विभाग की ओर से ग्राम रामेश्वरपुर में विकास खंड स्तरीय पशु प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के कुल 88 पशुपालकों ने अपने बेहतरीन पशुओं के साथ शिरकत की। रविवार को आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न श्रेणियों में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। गाय हीफर वर्ग में मनवीर सिंह ने प्रथम, नरेन्द्र सिंह पाहवा ने द्वितीय और श्री महेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं भैंस हीफर वर्ग में श्री राम प्रसाद ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि श्रीमती माया देवी और श्री मुकेश की भैंसें क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं। दुधारू गायों की श्रेणी में गुरचरण सिंह, नरेन्द्र सिंह और करमजीत सिंह के पशुओं ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।
पूरी प्रदर्शनी के दौरान गुरमुख सिंह की गाय और ब्रजकिशोर की भैंस को उनके असाधारण स्वास्थ्य और नस्ल के कारण 'चैंपियन' घोषित किया गया। इसके साथ ही अन्य विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री नरेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता श्री संता सिंह द्वारा की गई। इस अवसर पर पशु स्वास्थ्य और नस्ल सुधार पर जोर देते हुए मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज पांगती सहित डॉ. मृगेश चौधरी, डॉ. राजेन्द्र, डॉ. सुमिता कौर, डॉ. संदीप तलवार और डॉ. सुधा कश्यप जैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों ने पशुपालकों का मार्गदर्शन किया और प्रदर्शनी को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---समाप्त---