उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित हल्द्वानी दौरे को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दौरे के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नैनीताल पुलिस की ओर से विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के दिशा-निर्देशों के तहत पूरे शहर में सुरक्षा घेरा तय किया गया है।

तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग बैठक ली। बैठक में उन्होंने कार्यक्रम स्थल और वीआईपी रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर एक्सेस कंट्रोल लागू करने को कहा गया है।
सुरक्षा के लिहाज से शहर के प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीमें संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच कर रही हैं। इसके अलावा वीआईपी रूट पर यातायात में बाधा बनने वाले अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान आम जनता को असुविधा न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए ट्रैफिक डायवर्जन और सुगम आवाजाही की योजना बनाई गई है, ताकि आम वाहन चालकों को जाम की स्थिति का सामना न करना पड़े।
ड्यूटी पर तैनात जवानों को सख्त सुरक्षा मानकों का पालन करने के साथ-साथ आम नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने की हिदायत दी गई है।
---समाप्त---