उत्तराखंड बॉर्डर स्थित क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस बेहद उत्साह, सम्मान और भावुक माहौल के बीच मनाया गया। इस खास अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने गुरुओं के प्रति आदर, कृतज्ञता और स्नेह का अनूठा प्रदर्शन किया। छात्र एंकर हिमानी, कनिष्क, वैष्णवी और अवंतिका ने अपनी ऊर्जावान एंकरिंग से पूरे कार्यक्रम में समां बांधे रखा।
यूपी के बिलासपुर के शारदा नगर स्थित भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह का शुभारंभ शिक्षकों के आत्मीय स्वागत, मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के प्रिंसिपल महेश चंद्रा ने मंच पर शिक्षकों संग केक काटकर खुशियां साझा कीं।
शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रिंसिपल महेश चंद्रा ने सभी अध्यापकों को बधाई दी और उनके अतुलनीय योगदान को सराहा। अपने विचार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षण केवल जीविकोपार्जन का जरिया नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण और राष्ट्र के भविष्य को संवारने की एक महान जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखें, बल्कि उनमें नैतिक मूल्य, अनुशासन और नागरिक कर्तव्यों का बोध भी विकसित करें।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विचारोत्तेजक और मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। कक्षा नौ के विद्यार्थियों ने भरतनाट्यम शैली में भावपूर्ण गुरु वंदना प्रस्तुत की, जिसके बाद कई मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां हुईं। वहीं कक्षा आठ के बच्चों द्वारा पेश किए गए हास्य नृत्य ने दर्शकों और अध्यापकों को हंसने पर मजबूर कर दिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ अध्यापकों के लिए मजेदार गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। पहेलियों के सत्र ने माहौल को खुशनुमा बनाया, जबकि कक्षा 11 के छात्रों श्रेया और सनी द्वारा आयोजित 'गीत पूरा करें' प्रतियोगिता में शिक्षकों ने बढ़कर हिस्सा लिया। हर्षिता और तनु के नेतृत्व में आयोजित आर्म रेसलिंग मैच ने कार्यक्रम में नया रोमांच भर दिया, जहां शिक्षकों का उत्साह देखने लायक था।
इसके अलावा कक्षा आठ की छात्रा अंशिका ने अपने भाषण में मार्गदर्शन के महत्व को रेखांकित किया। कक्षा नौ के छात्रों ने एक अर्थपूर्ण नाटक के माध्यम से जीवन में सही दिशा दिखाने वाले शिक्षकों की अहमियत को दर्शाया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक, कोऑर्डिनेटर और कर्मचारी मौजूद रहे। अंत में प्रबंधन ने शिक्षकों को उपहार भेंट कर सम्मानित किया और जलपान के साथ यह यादगार समारोह संपन्न हुआ।
---समाप्त---