जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर स्थित सुप्रसिद्ध प्राचीन अटारिया मंदिर इन दिनों एक अप्रिय घटना के कारण चर्चाओं में है। मंदिर परिसर के समीप स्थित मेला मैदान में नमाज पढ़ने को लेकर उपजे विवाद ने क्षेत्र के सामाजिक वातावरण को गरमा दिया है। जानकारी के अनुसार मंदिर में निर्माण कार्य चल रहा है जहां शाहिद नाम का एक राजमिस्त्री कार्य कर रहा था। काम के दौरान शाहिद मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित खाली मेला मैदान में नमाज अदा करने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद मंदिर प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और देखते ही देखते मामला गर्मा गया।
मारपीट का वीडियो हुआ वायरल
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया। वायरल वीडियो में मंदिर प्रबंधन से जुड़े अरविंद शर्मा नामक व्यक्ति द्वारा नमाज पढ़ रहे व्यक्ति के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार और मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय चश्मदीदों और पीड़ित पक्ष का दावा है कि नमाज मंदिर के मुख्य प्रांगण या पूजा स्थल के भीतर नहीं पढ़ी जा रही थी बल्कि वह स्थान मंदिर की मुख्य इमारत से काफी दूर मेला मैदान का हिस्सा था। इसके बावजूद आरोपी ने वहां पहुंचकर पीड़ित के साथ अभद्रता की और उसे शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।
मीडिया को खुद भेजा वीडियो
हैरानी की बात यह रही कि घटना का वीडियो स्वयं आरोपी पक्ष की ओर से मीडिया कर्मियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर साझा किया गया। वीडियो के सार्वजनिक होते ही यह मामला तेजी से फैल गया और विभिन्न समुदायों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। इसके चलते शहर का माहौल भी कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित शाहिद ने अपने समुदाय के अन्य लोगों के साथ मिलकर ट्रांजिट कैंप थाने का रुख किया और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित तहरीर दी।
पुलिस प्रशासन की कार्रवाई
दूसरी तरफ आरोपी पक्ष का तर्क है कि संबंधित व्यक्ति को इस स्थान पर नमाज न पढ़ने के लिए कई बार मौखिक रूप से मना किया गया था लेकिन बार-बार उल्लंघन किए जाने के कारण आक्रोश में आकर यह कदम उठाया गया। इस संवेदनशील मामले को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद हो गया है। पंतनगर सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट ने पुष्टि की है कि पुलिस को इस संबंध में औपचारिक तहरीर प्राप्त हो चुकी है। तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और पुलिस अब वीडियो साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
---समाप्त---