थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में जरौठी रोड स्थित एक आटा मिल में दिवाली विज्ञापन को लेकर हुए विवाद के बाद वरिष्ठ पत्रकार नसीम अहमद (सिद्दीकी) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक 'दैनिक जनवाणी' के जिला ब्यूरो चीफ थे। रविवार को हुई इस वारदात के बाद हरकत में आई हापुड़ देहात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रॉयल एनक्लेव कॉलोनी के पास घेराबंदी कर मुख्य आरोपी आटा मिल मालिक समेत तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में मोहल्ला पुरानी मंडी पक्का बाग निवासी आटा मिल मालिक अशोक कुमार गुप्ता, इंद्रलोक कॉलोनी निवासी कपिल अग्रवाल और सर्वोदय कॉलोनी निवासी नरेश कुमार शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर कस्टडी रिमांड हासिल कर ली है।

​कहासुनी के बाद लाठी-डंडों से हमला

​पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, नसीम अहमद आगामी त्योहार के मद्देनजर अखबार के विज्ञापन के सिलसिले में अपने साथी सलाउद्दीन के साथ जरौठी रोड स्थित आटा मिल पहुंचे थे। वहां मिल मालिक और उसके सहयोगियों से उनकी बातचीत के दौरान कहासुनी हो गई। आरोप है कि मिल मालिक और वहां मौजूद लोगों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से दोनों पर हमला बोल दिया। गंभीर रूप से घायल नसीम को तुरंत गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के दामाद डॉ. शाहरुख की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

​हथियारों की बरामदगी में जुटी पुलिस


Advertisement

​सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि अदालत से रिमांड मिलने के बाद तीनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस टीम वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडों और अन्य हथियारों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। इसके साथ ही झगड़े के दौरान मौके पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान कर उनकी भूमिका तय की जा रही है।

​फरार आरोपियों की तलाश तेज

​घटना में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इधर, पत्रकार की असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों के मुताबिक नसीम अहमद की छोटी बेटी का विवाह अगले महीने 14 नवंबर को तय था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। घटना के बाद स्थानीय पत्रकारों ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए मामले में सख्त कार्रवाई और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

---समाप्त---